नागपूर दि.13 डिसेंबर 2025:- दिल्ली पब्लिक स्कूल मिहान का भव्य छठा वार्षिक उत्सव संपन्न
दिल्ली पब्लिक स्कूल, मिहान ने शनिवार, 13 दिसंबर 2025 को विद्यालय परिसर में अत्यंत उत्साह और भव्यता के साथ अपना छठा वार्षिक उत्सव मनाया। इस वर्ष का विषय “विश्व एक, अचरज अनेक – एक रोमांचक संगीतमय वैश्विक यात्रा” था, जिसने रंगारंग कलात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से वैश्विक संस्कृतियों, एकता और सद्भाव की भावना को सुंदर रूप में प्रस्तुत किया । प्री-नर्सरी से कक्षा द्वितीय तक के 900 से अधिक नन्हें कलाकार संगीत, नृत्य, नाट्य और रचनात्मकता का मनमोहक संगम प्रस्तुत करते हुए दर्शकों को विभिन्न महाद्वीपों की रंगीन यात्रा पर ले गए।
इस समारोह की शोभा अनेक विशिष्ट अतिथियों ने बढ़ाई । प्रसिद्ध गायक एवं सा रे गा मा पा के विजेता अनिरुद्ध जोशी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रख्यात रंगमंच कलाकार एवं बाल रंगमंच के निदेशक संजय पेंडसे तथा प्रसिद्ध बाल कलाकार अवनी जोशी ने विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह की गरिमा बढ़ाई। इसके अतिरिक्त तुलिका केडिया, अध्यक्ष एवं प्रो-वाइस चेयरपर्सन डीपीएस मिहान एवं कामठी रोड (आभासी माध्यम से), सविता जयसवाल, निदेशक, डीपीएस मिहान एवं कामठी रोड, योगिता उमालकर, प्राचार्या, डीपीएस कामठी रोड तथा इंद्रजीत परगनिहा, अर्थाधिकारी, डीपीएस मिहान की गरिमामयी उपस्थिति रही। डीपीएस मिहान की प्राचार्या निधि यादव ने स्वागत भाषण देते हुए विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा की सराहना की।
यह सांस्कृतिक कार्यक्रम नृत्य, संगीत और नाट्य के सुगठित संयोजन के कारण दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर गया। विभिन्न संस्कृतियों को दर्शाती नन्हे-मुन्नों की ऊर्जावान प्रस्तुतियों ने सभी का दिल जीत लिया। सायंकाल का एक विशेष आकर्षण वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह रहा, जिसमें कक्षा बारहवीं के विद्यार्थियों को शैक्षणिक, खेल, अनुशासन तथा सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
यह भव्य उत्सव नन्हे शिक्षार्थियों को अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता प्रदर्शित करने का सशक्त मंच प्रदान करने में सफल रहा। जैसे ही कार्यक्रम का समापन हुआ, मनमोहक प्रस्तुतियाँ
विद्यार्थियों की मुस्कान और अभिभावकों की सराहना डीपीएस मिहान की यात्रा में एक और अविस्मरणीय उपलब्धि के रूप में अंकित हो गई।